जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना मेन रोड स्थित चावल बाजार में बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाजार के प्रवेश पथ पर स्थित विकास गुप्ता की राशन दुकान का ताला और कुंडी कटर से काटकर चोर नगद रुपये सहित घरेलू उपयोग का सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब दुकानदार विकास गुप्ता अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख वे दंग रह गए। दुकान के भीतर रखा सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि रोज की तरह वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। महाजन को देने के लिए उन्होंने गल्ले में करीब 20 हजार रुपये रखे थे, जिसे चोर तोड़कर ले गए। इसके अलावा लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के घरेलू उपयोगी सामान भी चोरी कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन को सूचना देते हुए बढ़ते अपराध पर गहरी चिंता जताई। विकास सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है और अवैध नशे का कारोबार दिन-ब-दिन फैलता जा रहा है, जिसका खामियाजा आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

