NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित आदर्श नगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई। चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर करीब 50 लाख रुपये के सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि आदर्श नगर निवासी अंचल रस्तोगी अपने परिवार के साथ कुछ दिन पहले ही नए मकान में शिफ्ट हुए थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी को डॉक्टर के पास दिखाने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और किसी तरह अलमारी की चाबी हासिल कर ली। इसके बाद अलमारी खोलकर उसमें रखे लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पीड़ित अंचल रस्तोगी ने बताया कि अलमारी में उनकी पत्नी और मां के सोने के जेवर रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मानगो क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

