News Lahar Reporter
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित नॉर्दन टाउन में बुधवार सुबह एक ठेका कर्मी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। टाटा स्टील यूआईएसएल के पब्लिक हेल्थ सेंटर में कार्यरत ठेका कर्मी मेघा मुखी का शव केंद्र के गोदाम में फंदे से लटका हुआ मिला।
गौरतलब है कि मेघा मुखी रोज की तरह बुधवार सुबह अपने घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। करीब 11 बजे वह अपने कार्यस्थल पर पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने यह कदम उठा लिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे और उसे फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल शोर मचाया गया और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि मेघा मुखी सुबह सामान्य स्थिति में घर से निकला था और किसी भी प्रकार की परेशानी की जानकारी उन्हें नहीं थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

