NEWS LAHAR REPORTER
Jamshedpur : साकची थाना क्षेत्र स्थित जुबली पार्क के सामने शनिवार को दो बाइकों की टक्कर के बाद जमकर हंगामा हो गया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस पहुंची और हंगामा कर रहे एक युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर निवासी एक युवक जुबली पार्क की ओर से बाइक लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे सीतारामडेरा निवासी एक युवक की बाइक उसकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे चल रही बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उसे काफी नुकसान पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद गलती मानने के बजाय पीछे से टक्कर मारने वाला युवक आक्रोशित हो गया और दूसरे बाइक सवार के साथ गाली-गलौज करने लगा। इससे मौके पर विवाद बढ़ गया और हंगामा शुरू हो गया।
स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची साकची थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और हंगामा कर रहे युवक को थाने ले गई। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था और उस पर ब्राउन शुगर के सेवन का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

