जमशेदपुर : शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज कोशिश का मामला सामने आया है। भालूबासा काली मंदिर रोड नंबर-9 स्थित एक घर में भिखारी के वेश में घूम रहीं दो महिलाएं चोरी की नीयत से घुस गईं। हालांकि सतर्कता के चलते स्थानीय लोगों ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह दोनों महिलाएं इलाके में घूम-घूमकर भीख मांग रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर घुस गईं। घर में रखी आलमारी खोलकर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान समेटने लगी।
घरवालों को कमरे से आहट सुनाई दी तो वे अंदर पहुंचे। वहां दोनों महिलाओं को सामान इकट्ठा करते देख उनके होश उड़ गए। तुरंत शोर मचाया गया, जिससे आसपास के लोग जमा हो गए और महिलाओं को पकड़ लिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों महिलाओं की गोद में छोटे बच्चे थे और एक करीब छह साल का बच्चा भी साथ था। बच्चों के कारण किसी को उन पर शक नहीं हुआ। इसी का फायदा उठाकर वे वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रही थीं।
सूचना मिलने पर सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके के लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

