जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर ह्यूम पाइप इलाके में गैराज और फर्नीचर दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटना तीन दिन पहले हुई थी, जब चोरों ने रात के अंधेरे में गैराज और फर्नीचर दुकान का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने छापेमारी कर ह्यूम पाइप इंदिरा नगर मनसा मंदिर के पास के रहने वाले गुर्जर भुइयां, गौरव भुइयां, घोल्टू भुइयां, सोनू भुइयां और गणेश भुइयां को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ही निवासी हैं।
डीएसपी भोला प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें से कई के खिलाफ पहले से चोरी और लूट के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा है और तीन महीने पहले ही जेल से छूटने के बाद फिर सक्रिय हो गया था। गिरोह के सरगना को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया है, जिसमें 38 हजार रुपए कीमत की सिलाई मशीन, 7 हजार रुपए की स्टील पत्ती, 4500 रुपए का क्लच प्लेट, 5 हजार रुपए का लोहे का निहाई, 1000 रुपए का सिलेंडर और 12 हजार रुपए का लोहे का जैक शामिल है।
पुलिस ने कहा है कि इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

