NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित आदिवासी क्लब के समीप रविवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई ने बताया कि विकास शनिवार रात उलीडीह में अपने भगिने से मिलने गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा। रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने फोन कर विकास का शव मिलने की सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। इससे पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। परिजनों का आरोप है कि इलाके में सक्रिय कुछ नशेड़ी युवकों की इस घटना में संलिप्तता हो सकती है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

