News Lahar Reporter
जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित इंडो-डेनिश टूल रूम में सोमवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित छात्रों ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उग्र प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने संस्थान के मुख्य गेट को जाम कर दिया और शिक्षकों व कर्मचारियों के आने-जाने पर रोक लगा दी।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि संस्थान के प्लेसमेंट इंचार्ज का अचानक ट्रांसफर कर दिया गया है, जिससे वे नाराज हैं। छात्रों का कहना है कि संबंधित अधिकारी के कार्यकाल में संस्थान में प्लेसमेंट की स्थिति बेहतर हुई थी और कई छात्रों को रोजगार के अवसर मिले थे। ऐसे में उनका तबादला छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
छात्रों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक प्लेसमेंट इंचार्ज का ट्रांसफर रोका नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। गेट जाम होने के कारण संस्थान में ट्रेनिंग का काम पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रबंधन ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रदर्शन जारी रखा।

