जमशेदपुर (झारखंड):
शहर में नशे की बढ़ती लत अब गंभीर और खतरनाक रूप लेती जा रही है। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के पद्मा रोड का है, जहां शुक्रवार देर रात एक युवक ने अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने अपने पिता करम सिंह से नशा करने के लिए पैसे मांगे थे। जब पिता ने पैसे देने से इनकार किया, तो वह गुस्से में बेकाबू हो गया और चापड़ से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में करम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, आरोपी युवक का दावा है कि उसने अपने पिता को भूत समझकर हमला किया। हालांकि, पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है।
शहर में लगातार बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति अब पारिवारिक रिश्तों के लिए भी खतरा बनती जा रही है। छोटी-छोटी बातों पर हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं, जो कानून-व्यवस्था के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

