NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर 16 जुलाई को जमशेदपुर शहर का ट्रैफिक सिस्टम पूरी तरह बदला रहेगा। जिला प्रशासन ने रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी वाहनों की नो एंट्री के समय में बदलाव किया है। प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार 16 जुलाई को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। रथ यात्रा समाप्त होने के बाद पूर्व की नो एंट्री व्यवस्था फिर से लागू कर दी जाएगी।
उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब और यातायात डीएसपी नीरज द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार रथ यात्रा के दौरान बिष्टुपुर मेन रोड आम वाहनों के लिए बंद रहेगी। इस दौरान विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक को डायवर्ट कर वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा।
## इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
* वोल्टास से छगलाल होते हुए रीगल गोलचक्कर तक आने-जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। वोल्टास से साकची जाने वाले वाहन खरकई रोड, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह हरिजन बस्ती, धतकीडीह टीओपी, लोयोला स्कूल, लोयोला लाइट सिग्नल और जुबली पार्क होते हुए साकची पहुंचेंगे।
* साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई, वोल्टास गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
* गोलमुरी से साकची और बिष्टुपुर जाने वाले वाहन जेएनएसी चौक, नया रोड और करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होकर बिष्टुपुर की ओर जाएंगे। वहीं मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहन मेरीन ड्राइव का उपयोग करेंगे।
* जब रथ यात्रा बड़े हनुमान मंदिर से मानगो चौक होते हुए डिमना चौक की ओर जाएगी, तब साकची की ओर से आने वाले वाहनों को मानगो चौक से मानगो थाना और पारडीह चौक की ओर मोड़ दिया जाएगा। रथ यात्रा के डिमना चौक से ट्रांसपोर्ट नगर और राजस्थान भवन की ओर बढ़ने के दौरान डिमना चौक से आने वाले वाहनों को वहीं रोककर पारडीह चौक के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
* सुंदरनगर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को करणडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा। दोपहिया वाहन मंदिर के बगल वाली गली से होकर इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे।
नो एंट्री के समय में किया गया बदलाव
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 जुलाई को केवल रथ यात्रा के मद्देनजर नो एंट्री के समय में आंशिक संशोधन किया गया है। इस दिन दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रथ यात्रा समाप्त होने के बाद शहर में पूर्व निर्धारित नो एंट्री समय फिर से प्रभावी हो जाएगा।

