NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र की जाकिर नगर स्थित केनरा बैंक की कबीर मेमोरियल शाखा में गोल्ड लोन के तहत गिरवी रखे गए करीब 1 करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये मूल्य के सोने के कथित रूप से गायब होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बैंक के रीजनल मैनेजर की शिकायत पर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस और बैंक प्रबंधन अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटे हैं।
एफआईआर के अनुसार, केनरा बैंक के रीजनल मैनेजर मंगेश रामानाथन ने शिकायत में बताया है कि शाखा के लॉकर में सुरक्षित रखे गए गोल्ड लोन से जुड़े कई सोने के पैकेट मिलान के दौरान गायब पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह घटना 12 जून से 18 जून के बीच की बताई जा रही है।
मामले में तत्कालीन शाखा के पूर्व सीनियर मैनेजर एवं प्रथम लॉकर इंचार्ज मोहम्मद शाबीर, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, द्वितीय चाबी अधिकारी सूरज टुडू, अधिकारी रिया घोष, शाखा प्रभारी अनुज टोप्पो तथा दो अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। बताया गया है कि वर्तमान में इनमें से कोई भी अधिकारी उक्त शाखा में कार्यरत नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बैंक में हर तीन महीने पर होने वाले नियमित ऑडिट के दौरान गोल्ड लोन के रिकॉर्ड का लॉकर में रखे सोने से मिलान किया गया। इसी प्रक्रिया में कई पैकेट गायब मिलने के बाद बैंक प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
आजादनगर थाना पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किन परिस्थितियों में गायब हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। वहीं बैंक प्रबंधन भी पूरे मामले की विस्तृत आंतरिक जांच कर रहा है।
हालांकि, यह मामला बैंक प्रबंधन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

