जमशेदपुर : मानगो के बाद जमशेदपुर को एक और बड़ी आधारभूत सौगात मिलने जा रही है। साकची से एग्रिको तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण को सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इससे शहर की जाम की गंभीर समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
विधानसभा में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि टाटा स्टील लिमिटेड से एनओसी प्राप्त होते ही फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी जाएगी। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में अन्य फ्लाईओवर परियोजनाओं पर भी कार्य प्रगति पर है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि साकची, जमशेदपुर का हृदयस्थल है, जहां बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। फ्लाईओवर बनने से यातायात सुगम होगा और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
इसी बीच जमशेदपुर पूर्वी के लिए एक और राहत भरी खबर सामने आई है। मोहरदा जलापूर्ति योजना फेज-3 के तहत 50 एमएलडी क्षमता के नए इंटेक वेल के निर्माण को झारखंड सरकार ने 67 करोड़ 36 लाख 42 हजार 900 रुपये की प्राक्कलित लागत पर तकनीकी स्वीकृति दे दी है। राशि निर्गत होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
विधायक ने बताया कि विधानसभा सत्र में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने शीघ्र कार्य आरंभ कराने का आश्वासन दिया है। इस योजना से शहर की बड़ी आबादी को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध होगा।
गौरतलब है कि मोहरदा जलापूर्ति योजना का पुनर्जीविकरण, जीर्णोद्धार, संचालन और रख-रखाव पीपीपी मोड पर किया जा रहा है। इसमें 60 प्रतिशत व्यय टाटा स्टील यूआईएसएल द्वारा और शेष 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
इन दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति से जमशेदपुर में बेहतर यातायात व्यवस्था और स्वच्छ जलापूर्ति की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

