जमशेदपुर: झारखंड अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का दो दिवसीय महाधिवेशन 11 और 12 जनवरी को जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव ने सोमवार को जमशेदपुर में दी।
उन्होंने बताया कि महाधिवेशन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन में झारखंड के सभी 24 जिलों से महासंघ के विभिन्न संवर्गों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे। महाधिवेशन के दौरान आठवें वेतन आयोग के गठन, चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों को प्रोन्नति, बकाया पदोन्नति सहित राज्य कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का छठा राज्य सम्मेलन भी 15 जुलाई को जमशेदपुर में ही संपन्न हुआ था। उस सम्मेलन में कई पदाधिकारियों का चुनाव हुआ और राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया गया था। महासंघ राज्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष करने के उद्देश्य से कार्य करता रहा है।
—

