रांची : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सचिव स्तर के अधिकारियों के बीच व्यापक फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, वहीं कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सरकार ने कोल्हान प्रमंडल के रिक्त आयुक्त पद पर रवि रंजन कुमार विक्रम की नियुक्ति की है। वे इससे पहले राज्य के श्रमायुक्त के रूप में कार्यरत थे। वहीं, राज्य खाद्य आयोग के सदस्य सचिव संजय कुमार को संथाल परगना का नया आयुक्त बनाया गया है। कुमुद सहाय को सांख्यिकी निदेशालय के निदेशक पद से स्थानांतरित कर पलामू प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत शशि रंजन को पेयजल विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। पेयजल विभाग के विशेष सचिव रमेश घोलप को नागरिक सुरक्षा आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वित्त विभाग के विशेष सचिव संदीप सिंह को नया श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है।
अबु इमरान को वित्त (व्यय) विभाग के सचिव पद से हटाकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का सचिव बनाया गया है। राजीव रंजन को राजस्व पर्षद के अपर सदस्य पद से स्थानांतरित कर परिवहन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा स्कूली शिक्षा विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह को समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार को पर्यटन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समाज कल्याण विभाग के सचिव मनोज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि ग्रामीण विकास विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन को ऊर्जा विभाग की कमान सौंपी गई है। राजेश कुमार शर्मा को आपदा प्रबंधन विभाग से हटाकर खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अपर मुख्य सचिव मस्तराम मीणा को राजस्व पर्षद का सदस्य बनाया गया है।
सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव को आगामी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागीय कार्यों में गति लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

