NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित चर्चित डीडी बार के सामने हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड और प्रत्यूष आनंद पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपी बनाए गए डीडी बार के संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह ने जमशेदपुर कोर्ट में अग्रिम जमानत (एंटिसिपेटरी बेल) के लिए याचिका दायर की है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में नीरज सिंह और उनकी पत्नी संध्या सिंह की ओर से कोर्ट में कुल तीन अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की गई हैं। इनमें एक याचिका नीरज सिंह की अग्रिम जमानत से संबंधित है, जबकि संध्या सिंह ने पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को रिलीज करने के लिए आवेदन दिया है। इसके अलावा एफआईआर में नीरज सिंह को आरोपी बनाए जाने को भी चुनौती दी गई है। इन सभी याचिकाओं पर सुनवाई फिलहाल लंबित है। इस मामले में उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश झा पैरवी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस वैन से निकालकर दो युवकों पर जानलेवा हमला किया गया था। इस घटना में हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद हिमांशु सिंह के पिता के बयान पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। इस केस में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें डीडी बार के संचालक नीरज सिंह और बार के मैनेजर का नाम भी शामिल है।
हालांकि, नीरज सिंह का पक्ष है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे और न ही वारदात डीडी बार के अंदर हुई थी। उनका कहना है कि घटना बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में हुई, इसलिए उन्हें आरोपी बनाए जाने को लेकर भी कोर्ट में कानूनी चुनौती दी गई है। अब इस मामले में कोर्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

