News lahar Reporter
जमशेदपुर: जमशेदपुर में विभिन्न मदों से संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए समाहरणालय सभागार में अहम बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त के निर्देश पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अनाबद्ध निधि, डीएमएफटी, नीति आयोग फंड, सांसद-विधायक निधि तथा सीएसआर फंड से चल रही योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पुल-पुलिया, पहुंच पथ, पीसीसी सड़क, पेयजल एवं जलापूर्ति, स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, शौचालय और कल्वर्ट निर्माण जैसी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी हों और यदि कहीं बाधा हो तो तत्काल तकनीकी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
समीक्षा में यह भी पाया गया कि कुछ योजनाएं तय समय के बाद भी अधूरी हैं। इस पर उप विकास आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए अभियंताओं को अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदकों की लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
नीति आयोग फंड के तहत 200 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य का सत्यापन कर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा साल पत्ता प्लेट एवं कप उत्पादन यूनिट, जनजातीय क्षेत्रों में आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण, ट्रांसजेंडर व महिलाओं के लिए फूड कार्ट, लाइब्रेरी सह रिसोर्स सेंटर और स्कूलों में रसोई घर निर्माण योजनाओं की भी समीक्षा हुई।
सीएसआर योजना के तहत 100 चापाकलों की स्थापना को मध्य अप्रैल तक पूरा कर आम लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं डीएमएफटी फंड से संचालित आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण कार्यों में तेजी लाने, भूमि विवादों का समाधान कर कार्य शुरू कराने और नई योजनाओं की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया।
सांसद और विधायक निधि से चल रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने स्वीकृत योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने, उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

