News Lahar Reporter:
सरायकेला | संवाददाता
झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश महेश शरदचंद्र सोनक शनिवार को सरायकेला जिले के दौरे पर पहुंचे। उनके आगमन पर सर्किट हाउस में जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त रीना हाँसदा और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सर्किट हाउस से मुख्य न्यायाधीश सीधे सरायकेला व्यवहार न्यायालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान स्थानीय स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य न्यायाधीश ने व्यवहार न्यायालय के विभिन्न विभागों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों के निपटारे की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था, ई-कोर्ट सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और रिकॉर्ड रूम के बेहतर रख-रखाव पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने व्यवहार न्यायालय को शहर से दूर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई। मुख्य न्यायाधीश ने इस विषय पर संज्ञान लेते हुए न्यायिक प्रक्रिया को आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामाशंकर सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-1 ब्रज किशोर पांडेय, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लुसी सोसन तिग्गा, सिविल जज अनामिका किस्कु, डालसा सचिव तौसिफ मेराज, एसडीजेएम आशिष अग्रवाल, न्यायिक दंडाधिकारी धृति धैर्य सहित जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार, सचिव देवाशिष ज्योतिषी और अन्य वरिष्ठ अधिवक्ता व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

