NEWS LAHAR REPORTER
एसपी मनोज स्वर्गियरी ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को किया रवाना
सरायकेला। जिले में पुलिस की गश्ती व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूत करने के लिए 19 नए बोलेरो पेट्रोलिंग वाहनों को पुलिस बेड़े में शामिल किया गया। सरायकेला पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियरी एवं पुलिस उपाधीक्षक अनुभव भारद्वाज की मौजूदगी में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद वाहनों को सेवा में शामिल किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद नारियल फोड़कर नए पेट्रोलिंग वाहनों का लोकार्पण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं वाहन चलाकर क्षेत्र भ्रमण की शुरुआत भी की।
फर्स्ट एड किट से लैस हैं नए वाहन
पुलिस बेड़े के दूसरे चरण में शामिल इन 19 वाहनों में फर्स्ट एड किट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा ब्रह्मानंद नारायणी अस्पताल के सहयोग से उपलब्ध कराई गई है। दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में पुलिसकर्मी मौके पर ही घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध करा सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद शुरुआती समय यानी गोल्डन ऑवर में प्राथमिक उपचार मिलना घायल व्यक्ति की जान बचाने में बेहद महत्वपूर्ण होता है। पेट्रोलिंग वाहनों में फर्स्ट एड किट की उपलब्धता से पुलिस की आपातकालीन सहायता क्षमता में भी इजाफा होगा।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
नए पेट्रोलिंग वाहनों के परिचालन से जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी और गश्ती व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और घटनास्थल पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
पुलिस विभाग का मानना है कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों को जरूरत के समय पुलिस सहायता और अधिक तेजी से उपलब्ध कराई जा सकेगी।

