NEWS LAHAR REPORTER
आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 स्थित धीरजगंज में गैस एजेंसी संचालक दंपती के साथ मारपीट और गैस सिलेंडर जबरन ले जाने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता जोबा हेम्ब्रम, पति विकास चंद्र गुप्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में घटना की पूरी जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे कार्तिक सरदार, बबलू सरदार, गौतम गोराई, बबलू कालिंदी, मनोज सरदार और महेश महतो उनके घर पहुंचे। महिला का आरोप है कि सभी लोग घर से गैस सिलेंडर ले जाने लगे।
जब उनके पति विकास चंद्र गुप्ता ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ लात-घूंसों और लोहे की रॉड से मारपीट की। मारपीट के दौरान वह जमीन पर गिर पड़े। पीड़िता ने बताया कि जब वह अपने पति को बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
बिना मेयर की अनुमति गैस एजेंसी लेने का लगाया आरोप
पीड़िता के आवेदन के मुताबिक, घटना के दौरान कार्तिक सरदार और बबलू सरदार कथित तौर पर बार-बार यह कहते रहे कि “बिना मेयर की परमिशन लिए गैस एजेंसी क्यों लिया?”
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनके पति ने 4 लाख 90 हजार रुपये खर्च कर गैस का काम शुरू किया था और घटना वाले दिन ही काम का पहला दिन था। इसी दौरान विवाद और मारपीट की घटना हो गई।
दस्तावेजों के साथ थाने में दी शिकायत
पीड़िता ने मामले से संबंधित दस्तावेज भी अपने आवेदन के साथ संलग्न किए हैं। उन्होंने आदित्यपुर थाना पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

