बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 31 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोकमारा गांव निवासी दीपक पैड़ा अपनी बाइक के साथ निशि होटल के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।
दीपक पैड़ा अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय मासूम बच्चे को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

