News Lahar Reporter:
Rajesh Singh
भभुआ/कैमूर, 1 अप्रैल 2026:
समाहरणालय स्थित माँ मुंडेश्वरी सभागार में बुधवार को पटना प्रमंडल के आयुक्त श्री अनिमेष कुमार पराशर की अध्यक्षता में एलपीजी सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, मूल्य नियंत्रण, आपूर्ति व्यवस्था और प्रवासी श्रमिकों की स्थिति को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सामने आया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 5788 एलपीजी सिलेंडरों की मांग के मुकाबले केवल 4495 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है, जिससे करीब 3.6 दिनों का बैकलॉग बन गया है। मार्च 2026 में कुल 14,311 सिलेंडरों की कमी दर्ज की गई।
पेट्रोलियम उत्पादों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई गई। जिले के 68 रिटेल आउटलेट में से 58 संचालित हैं और सभी में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसी भी पेट्रोल पंप पर ड्राई आउट की स्थिति नहीं पाई गई।
जिला प्रशासन द्वारा गठित टीमें लगातार एलपीजी एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की जांच कर रही हैं। अब तक 151 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की जा चुकी है।
जन शिकायतों के निपटारे के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र में कंट्रोल रूम (06189-222080) सक्रिय है। 14 से 30 मार्च के बीच मिली 301 शिकायतों में से 252 का निष्पादन किया जा चुका है।
प्रशासन ने “दीदी की रसोई” योजना के तहत गैस आपूर्ति बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया है। वर्तमान में जिले की 14 रसोइयों को जरूरत के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर निगरानी, नियमित जांच और ईसी एक्ट के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए गए। उर्वरकों की उपलब्धता को भी संतोषजनक बताया गया है।
वहीं, प्रवासी श्रमिकों की समीक्षा में बताया गया कि फिलहाल जिले में बाहर से लौटे श्रमिकों की संख्या शून्य है।
आयुक्त ने सभी अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, नियमित मॉनिटरिंग करने और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।

