जमशेदपुर: शहर के भुइयाँडीह स्थित छायानगर में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नंदन टेंट डेकोरेटर के गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखे टेंट, पर्दे, सजावटी सामग्री और अन्य उपकरण जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। इससे व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

