NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिरसानगर क्षेत्र में लगातार बनी बिजली समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिरसानगर मंडल ने बिजली विभाग का ध्यान आकर्षित किया। मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की गंभीर बिजली समस्याओं पर नाराजगी जताई।
बिरसानगर में बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार बिजली कटौती, कई इलाकों में नंगे तारों के सहारे बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर खराब रहने की समस्या और जर्जर बिजली खंभों के कारण लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन बिजली विभाग की ओर से इस पर गंभीर पहल नहीं की जा रही है।
इन्हीं जनसमस्याओं को देखते हुए मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी ने बिजली विभाग को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि यदि तय समय के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय जनता पार्टी बिरसानगर मंडल स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जोरदार आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी और क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

