NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। हाल ही में धतकीडीह में फायरिंग की घटना के बाद अब बदमाशों ने JRD Tata Sports Complex के गेट नंबर 2 के पास दिनदहाड़े चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने एक युवक के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित युवक की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के न्यू लेआउट निवासी रिंकू ओझा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रिंकू किसी काम से स्टेडियम की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक दो बदमाश वहां पहुंचे और उनके गले से चेन और लॉकेट छीनने की कोशिश की।
जब रिंकू ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की और जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचके। इसके बाद वे सोने की चेन और लॉकेट लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।

