बोड़ाम: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगोड़ा टोला में शुक्रवार देर रात बकरी चोरी की कोशिश को ग्रामीणों ने विफल कर दिया। इस दौरान तीन युवकों में से दो को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया।
घटना रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। आरोपित लालमोहन महतो के घर में चोरी की नीयत से घुसे थे। उस समय घर के लोग धान सिझाने (उबालने) के कारण जाग रहे थे। हलचल महसूस होते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी।
भागने की कोशिश कर रहे आरोपितों में से दो को ग्रामीणों ने झाड़ियों में दबोच लिया। इस दौरान ग्रामीणों का गुस्सा भी फूटा और दोनों की पिटाई कर दी गई। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से दो भुजाली, एक डायरी समेत अन्य सामान बरामद किया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गए युवक जमशेदपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी इन्हीं आरोपितों ने केंदडीह टोला में बिशु सिंह के घर पर बाइक चोरी का प्रयास किया था, लेकिन घरवालों के जाग जाने पर वे भाग निकले थे।
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह गिरोह कितना बड़ा है और किन-किन घटनाओं में शामिल रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से बोड़ाम क्षेत्र के गांवों में बकरी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश था। घटना के बाद शनिवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

