जमशेदपुर : जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में 20 मार्च 2026 को जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में चांडिल स्थित पाटा टोल गेट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे अवैध पार्किंग और खतरनाक तरीके से खड़े वाहनों की समस्या को खत्म करना था। जांच के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 18 वाहनों पर कार्रवाई की गई और उनसे जुर्माना वसूला गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों और संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय और राज्य मार्गों के किनारे किसी भी स्थिति में अवैध रूप से वाहन खड़ा नहीं करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर लापरवाही से खड़े वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से इस तरह के सघन जांच अभियान चलाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान जिला परिवहन विभाग की टीम, सड़क सुरक्षा दल और चांडिल थाना की पुलिस भी अभियान में शामिल रही।

