NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर:छठ महापर्व के मद्देनजर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए टाटानगर से लावा के लिए संचालित 08181 टाटा–लावा पूजा स्पेशल ट्रेन को पुनर्निर्धारित समय दोपहर 3:30 बजे टाटानगर स्टेशन से रवाना किया गया। ट्रेन के प्रस्थान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और कॉमर्शियल विभाग की टीम ने आपसी समन्वय के साथ यात्री व्यवस्था संभाली।
स्टेशन पर यात्रियों की लंबी कतारों को व्यवस्थित किया गया तथा भीड़ का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित किया गया। आरपीएफ और कॉमर्शियल टीम की संयुक्त पहल से यात्रियों को क्रमबद्ध तरीके से ट्रेन में प्रवेश कराया गया, जिससे ट्रेन का प्रस्थान व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुआ।

