NEWS LAHAR REPORTER
14 नवंबर को किताडीह दुर्गा पूजा मैदान में होगा निःशुल्क वितरण कार्यक्रम, भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी।
जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), जमशेदपुर महानगर की ओर से सेवा और समर्पण की अनूठी पहल की जा रही है। छठ व्रतियों की सुविधा और सहयोग के उद्देश्य से संगठन द्वारा 1,101 व्रतियों के बीच निःशुल्क सूप, फल एवं संपूर्ण पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा।
इस संबंध में भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 14 नवंबर, शनिवार को सुबह 11 बजे किताडीह दुर्गा पूजा मैदान में वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
छठ व्रतियों की सेवा करना सौभाग्य : नीतीश कुशवाहा
नीतीश कुशवाहा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर छठ व्रतियों की सेवा करना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि उनके लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के भाव तथा संगठन के मूल मंत्र ‘सेवा ही संगठन है’ से प्रेरणा लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा लगातार जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है।
उन्होंने आगे कहा कि संगठन का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा का लाभ पहुंचे और आर्थिक रूप से जरूरतमंद छठ व्रतियों को पर्व की तैयारियों में सहयोग मिल सके।
14 नवंबर को किताडीह में होगा वितरण
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने जमशेदपुर के सभी छठ व्रतियों से अपील की कि वे 14 नवंबर को सुबह 11 बजे किताडीह दुर्गा पूजा मैदान पहुंचकर इस सेवा कार्यक्रम का लाभ उठाएं। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर रमेश प्रसाद कुशवाहा, बंटी वालिया, कमल राठौर, मनोज सिंह, शानू, अनिकेत, हरप्रीत, पवन एवं विकास सहित भाजयुमो के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

