NEWS LAHAR REPORTER
नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, ईंटा-भट्ठा, यूसिल कॉलोनी, राखा कॉपर नदी और गुर्रा नदी घाट पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़।
जादूगोड़ा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जादूगोड़ा और नरवा पहाड़ क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। पर्व को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गुरुवार को सूप, दउरा, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। घरों में भी छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर व्रतियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
ठेकुआ प्रसाद की तैयारी में जुटे व्रती
छठ महापर्व में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए व्रती और उनके परिवार के सदस्य पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। घरों में गेहूं को अच्छी तरह साफ करने, धोने और सुखाने का काम शुरू हो गया है। छठ गीतों के बीच पूरे नेम-निष्ठा और भक्तिभाव से पर्व की तैयारियां की जा रही हैं।

जादूगोड़ा और नरवा पहाड़ के घाटों पर रहेगी विशेष रौनक
जादूगोड़ा के ईंटा-भट्ठा क्षेत्र, यूसिल कॉलोनी, राखा कॉपर नदी घाट तथा नरवा पहाड़ के गुर्रा नदी छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। इन घाटों पर हर वर्ष छठ महापर्व के दौरान विशेष रौनक देखने को मिलती है।
चार दिनों तक चलेगा छठ महापर्व
छठ पूजा की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ होगी। इसके बाद शनिवार को व्रती खरना करेंगे। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।
छठ महापर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। घरों से लेकर बाजारों और घाटों तक तैयारियां अंतिम रूप लेने लगी हैं।

