NEWS LAHAR REPORTER
रांची : रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटियो गांव से शुक्रवार सुबह पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान धुर्वा बस स्टैंड के समीप रहने वाले बिट्टू सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सिटियो गांव में लाकर फेंक दिया गया। पुलिस मृतक के शरीर पर चोट के निशान और अन्य संदिग्ध परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
