NEWS LAHAR REPORTER
कोचिंग से आंदोलन में शामिल होने निकली थीं दोनों चचेरी बहनें, देर रात तक घर नहीं लौटने पर थाने में शिकायत; स्कूल में निलंबन विवाद पर शिक्षा विभाग और छात्राओं के बीच वार्ता जारी
Koderma : सीडी बालिका +2 उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार के निलंबन को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों छात्राएं चचेरी बहनें हैं और तिलैया बस्ती की रहने वाली हैं। उनके अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, दोनों छात्राएं कोचिंग में पढ़ाई करने के बाद शिक्षक के निलंबन के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकली थीं। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने अपने स्तर से उनकी तलाश शुरू की। शहर के अलग-अलग इलाकों में खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर रात करीब 11 बजे तिलैया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी गई।

परिजन शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रहे हैं, ताकि दोनों छात्राओं के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। हालांकि, उनके लापता होने और आंदोलन में शामिल होने के बीच किसी संबंध की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एक छात्रा सीडी बालिका स्कूल की, दूसरी दूसरे संस्थान में पढ़ती है
तिलैया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह ने दो छात्राओं के लापता होने की शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इनमें एक छात्रा सीडी बालिका उच्च विद्यालय की है, जबकि दूसरी किसी अन्य शिक्षण संस्थान में पढ़ती है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। उनके संभावित ठिकानों और अन्य पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल दोनों का पता नहीं चल पाया है।
आंदोलन में कोचिंग संचालकों और राजनीतिक संगठनों की सक्रियता भी चर्चा में
प्रधानाध्यापक के निलंबन के विरोध में चल रहे आंदोलन में स्कूली छात्राओं के अलावा दूसरे स्कूलों के छात्र-छात्राओं की भागीदारी भी सामने आई है। इस बीच शहर के कुछ कोचिंग संचालकों की सक्रियता और आंदोलन को मिल रहे बाहरी समर्थन को लेकर भी चर्चा हो रही है।
भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी आंदोलन में सक्रिय नजर आए। गुरुवार देर शाम भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी भी छात्राओं के समर्थन में झंडा चौक पहुंचे थे।
दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने की घटना ने आंदोलन में बच्चों की भागीदारी और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्राथमिकता दोनों छात्राओं का सुरक्षित पता लगाना है।
स्कूल में शिक्षा विभाग और आंदोलनरत छात्राओं के बीच वार्ता
इधर, प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार के निलंबन को लेकर शुक्रवार को सीडी बालिका उच्च विद्यालय में शिक्षा विभाग और आंदोलनरत छात्राओं के बीच बातचीत जारी रही। गुरुवार देर शाम अंचल अधिकारी की मौजूदगी में हुई वार्ता के दौरान बनी सहमति के आधार पर शुक्रवार को फिर से बैठक बुलाई गई।
इस वार्ता में अंचल अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिलाध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष और झामुमो के कई नेताओं के शामिल होने की सूचना है।
गौरतलब है कि गुरुवार को तीन बिंदुओं पर बातचीत के बाद छात्राओं ने झंडा चौक पर जारी सड़क जाम समाप्त कर दिया था। इसके बाद शुक्रवार को विद्यालय में निलंबन प्रकरण और आगे की कार्रवाई को लेकर सहमति बनाने की कोशिश की गई। अब सबकी नजर वार्ता के परिणाम पर है।

