NEWS LAHAR REPORTER
पलामू : डालटनगंज के शिवाजी मैदान में लगा डिजनीलैंड मेला समाप्त होने के बाद भी मैदान में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। मेला प्रबंधन का आरोप है कि नगर निगम को सफाई के लिए 3.25 लाख रुपये देने के बावजूद सफाई की व्यवस्था नहीं की गई। पिछले एक सप्ताह से मेला का सामान हटाया जा रहा है, लेकिन कचरा उठाने के लिए निगम ने एक वाहन तक उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया।
मेला प्रबंधन से जुड़े पवन कुमार गुप्ता, जितेन्द्र प्रसाद अग्रवाल और अजय कुमार उर्फ कल्लू ने शुक्रवार को मेला स्थल पर अपनी समस्याएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेला में करीब 32.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रबंधन ने नुकसान के लिए बारिश और अपेक्षित पुलिस सहयोग नहीं मिलने को प्रमुख कारण बताया।
उन्होंने नगर निगम से घाटे को देखते हुए बंदोबस्ती की राशि में कम से कम 25 प्रतिशत रियायत देने की मांग की। प्रबंधन ने कहा कि निगम और प्रशासन का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने तथा बंदोबस्ती राशि में संशोधन नहीं होने पर अगले वर्ष से मेला लगाने पर पुनर्विचार करना पड़ेगा।
मेला प्रबंधन के अनुसार, इस वर्ष शिवाजी मैदान की नीलामी 88.20 लाख रुपये में हुई, जबकि पिछले वर्ष 74.70 लाख रुपये की बोली लगी थी। प्रबंधन का कहना है कि पहले हर वर्ष बंदोबस्ती राशि में 10 प्रतिशत की वृद्धि होती थी, लेकिन इस वर्ष नगर निगम ने 15 प्रतिशत बढ़ाकर बोली लगाई। सफाई के लिए 3.25 लाख रुपये जमा कराने के बावजूद मेला अवधि में एक भी सफाईकर्मी उपलब्ध नहीं कराया गया। अब मैदान की सफाई भी प्रबंधन को अपने खर्च पर करानी होगी।
प्रबंधन ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। उसके अनुसार, मेला शुरू होने के 17 दिन बाद सहायक पुलिस की तैनाती की गई। पास वैध होने के बाद एक दिन भारी भीड़ उमड़ गई, जिसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। घटना-दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मेला शाम 5:30 से 6 बजे के बीच बंद करना पड़ा।
मेला प्रबंधन ने प्रशासन और नगर निगम से आगामी वर्ष के लिए बंदोबस्ती, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट नीति बनाने की मांग की है।
