जमशेदपुर: शहर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में एक फल कारोबारी की हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक की पहचान कन्हैया यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह सुबह मॉर्निंग वॉक से लौटकर घर के बाहर बैठे थे, तभी बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से कन्हैया यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें तीन गोलियां लगी थीं — दो सिर में और एक पैर में। हमलावर वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
परिजनों ने बताया कि कन्हैया यादव का किसी से कोई विवाद नहीं था, जिससे हत्या की वजह अब भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने परिजनों के आवेदन पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
इस वारदात के बाद इलाके के फल कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों ने शहर में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई है।

