जमशेदपुर : गणतंत्र दिवस 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को भव्य और गरिमामय बनाने के उद्देश्य से गोपाल मैदान में आयोजित परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल का उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों की तैयारियों का बारीकी से आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिहर्सल के दौरान जैप-6 की एक प्लाटून, जिला पुलिस बल की दो प्लाटून, जिला गृह रक्षक की एक प्लाटून, एनसीसी (महिला एवं पुरुष) की दो प्लाटून तथा स्काउट एंड गाइड की दो प्लाटून ने अनुशासित मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने परेड की सटीकता, समन्वय और अनुशासन पर संतोष जताया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और एसएसपी ने मुख्य समारोह स्थल पर की जा रही अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने मंच, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, झांकियों की तैयारी और समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए।
बताया गया कि 26 जनवरी को पूर्वाह्न 09:05 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा। इस अवसर पर आकर्षक झांकियां समारोह की शोभा बढ़ाएंगी। जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

