जमशेदपुर : गणतंत्र दिवस के मद्देनजर शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जिला प्रशासन ने 26 जनवरी को नो एंट्री लागू करने का फैसला लिया है। उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के संयुक्त आदेश के अनुसार सुबह 6:00 बजे से रात 11:00 बजे तक शहर में भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रतिबंधित वाहनों में ट्रक, हाईवा, डंपर समेत अन्य मालवाहक गाड़ियां शामिल हैं। हालांकि, बसों और आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग, दूध सप्लाई और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन सामान्य रूप से आवाजाही कर सकेंगे।
प्रशासन ने बताया कि इस बार गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होगा, जहां भव्य कार्यक्रम और झांकियां निकाली जाएंगी। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारियों, स्कूली बच्चों और नागरिकों की भागीदारी को देखते हुए आसपास के इलाकों में यातायात दबाव कम करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
ट्रैफिक डीएसपी को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात को सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे तय समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।

