NEWS LAHAR REPORTER
गिरीडीह : झारखंड के गिरिडीह में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए CGST विभाग के एक कमिश्नर और एक इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद झारखंड के जमशेदपुर और बिहार के नालंदा स्थित आरोपियों के ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की गई, जिससे विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार अधिकारियों में CGST कमिश्नर बुद्धेश्वर सुंडी और GST इंस्पेक्टर बिरजू कुमार शामिल हैं। सीबीआई की धनबाद टीम ने बुधवार को गिरिडीह स्थित GST कार्यालय में जाल बिछाकर दोनों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, यह मामला गिरिडीह के बिरनी प्रखंड के खाती गांव निवासी राजू अंसारी से जुड़ा है, जो सरकारी योजनाओं में ईंट, बालू और गिट्टी सप्लाई का काम करते हैं। आरोप है कि GST बिल और इनवॉइस से जुड़े मामले में राहत देने के नाम पर उनसे रिश्वत मांगी गई थी। पहले 90 हजार रुपये की मांग की गई थी, लेकिन बाद में सौदा 65 हजार रुपये में तय हुआ। इसकी पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये देने थे।
पीड़ित ने इस मामले की जानकारी भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा को दी। इसके बाद सीबीआई को शिकायत सौंपी गई। शिकायत मिलते ही सीबीआई की विशेष टीम ने पूरी योजना बनाकर गिरिडीह GST कार्यालय में ट्रैप बिछाया। जैसे ही रिश्वत की रकम इंस्पेक्टर को सौंपी गई, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को धर दबोचा।
कार्रवाई के बाद सीबीआई ने गिरिडीह स्थित GST कार्यालय में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य रिकॉर्ड की जांच की गई। एजेंसी अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच को आगे बढ़ाते हुए सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने झारखंड के जमशेदपुर और बिहार के नालंदा स्थित आरोपियों के आवासों पर भी छापेमारी की। हालांकि, अब तक बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों अधिकारियों को आगे की पूछताछ के लिए धनबाद ले जाया गया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

