जमशेदपुर : गोविंदपुर से पीपला को जोड़ने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के अनियंत्रित आवागमन और अवैध पार्किंग के कारण सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर नो एंट्री का समय निर्धारण करने और सख्ती से नो पार्किंग व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य अब तक अधूरा है, इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही बेरोकटोक जारी है। घनी आबादी वाले इस इलाके में बीते एक साल के दौरान छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
बीते 19 अक्टूबर को इसी मार्ग पर हुई एक भीषण दुर्घटना ने एक परिवार की जिंदगी बदल दी। पीड़ित परिवार अब तक इलाज पर 10 से 12 लाख रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है। मामले में गोविंदपुर थाना में केस दर्ज है और कार्रवाई जारी है।
यह सड़क शहर से जुड़ने का प्रमुख मार्ग है, जहां रोजाना नौकरीपेशा लोग, स्कूली बच्चे और महिलाएं आवागमन करती हैं। सड़क किनारे खड़े ट्रक और मालवाहक वाहन यातायात को बाधित करते हैं, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास की कंपनियां लोडिंग-अनलोडिंग के बाद अपने वाहनों को सड़क किनारे ही खड़ा कर देती हैं। इससे जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने मांग की है कि कंपनियों के लिए अलग पार्किंग स्थल सुनिश्चित किया जाए और नो एंट्री समय के बाद ही भारी वाहनों का परिचालन हो।
गौरतलब है कि अन्ना चौक से माँ मनोकामना काली मंदिर होते हुए शेषनगर तक कॉरिडोर निर्माण का प्रस्ताव पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था, लेकिन अब तक इस पर काम शुरू नहीं हो सका है।
स्थानीय जनता ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर ठोस कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
—

