News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, अंबेडकर आवास योजना और पीएम जनमन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को निर्देश दिया कि अप्रैल माह के अंत तक आवास योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। जिन लाभुकों को पहली किस्त मिल चुकी है, उनसे तुरंत निर्माण कार्य शुरू कराने और दूसरी किस्त से पहले निर्माणाधीन घरों का जियोटैग कराने को कहा गया। साथ ही अधूरे आवासों को जल्द पूरा कर अंतिम किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बेघर और जरूरतमंद लोगों को पक्का मकान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए बीडीओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण, निगरानी और लाभुकों को सक्रिय करने पर जोर दिया गया। करीब 3 हजार आदिम जनजाति परिवारों को आवास योजना से जोड़ने के लिए सटीक सर्वे कराने के निर्देश भी दिए गए।
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने फर्जी मस्टर रोल, जॉब कार्ड और भुगतान जैसी गड़बड़ियों पर सख्त चेतावनी दी। जॉब कार्ड नवीकरण और त्रुटियों के समाधान के लिए रोजगार दिवस पर कैंप लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही गांवों में पलायन रोकने के लिए प्रत्येक गांव में कम से कम पांच योजनाओं का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली घर योजना की समीक्षा करते हुए शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पीएम कुसुम योजना, सोलर स्ट्रीट लाइट, हाई मास्क लाइट और छोटे उद्योगों के लिए सोलर संयंत्र लगाने को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया।
सम्पूर्णता अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा
28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक चल रहे सम्पूर्णता अभियान 2.0 के तहत मुसाबनी और डुमरिया प्रखंड में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि जैसे छह प्रमुख संकेतकों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर चर्चा हुई। पशुपालन विभाग को पशुओं का टीकाकरण तेज करने और स्वास्थ्य विभाग को टीबी मरीजों की पहचान व इलाज में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

