जमशेदपुर : श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 4 जनवरी 2026 (रविवार) को जमशेदपुर शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इसे लेकर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पूर्वी सिंहभूम की ओर से आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 4 जनवरी 2026 को सुबह 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, इस प्रतिबंध से बसों को मुक्त रखा गया है, ताकि आम यात्रियों को आवागमन में असुविधा न हो।
प्रशासन का कहना है कि प्रकाश पर्व के दौरान शहर में होने वाले धार्मिक आयोजनों, शोभायात्राओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि यातायात सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इस आदेश की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक, उपायुक्त, नगर व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम समेत सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को भेजी गई है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों, वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें।

