News Lahar Reporter:
गुआ क्षेत्र में मां मंगला पूजा इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। नानक नगर, दीपा साईं, स्टेशन कॉलोनी, सेवा नगर सहित आसपास के कई गांवों में महिलाओं और पुरुषों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की।
पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। इस दौरान महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने पूरे विधि-विधान से मां मंगला की आराधना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
पूजा के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, मां मंगला पूजा क्षेत्र की एक पुरानी परंपरा है, जिसे हर साल बड़े उत्साह और आस्था के साथ मनाया जाता है। इस आयोजन की खास बात यह रही कि सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर इसमें शामिल हुए, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिला।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति भावना देखते ही बन रही थी। इस तरह मां मंगला पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर राजेश गोच्छाईता, प्रितम गोच्छाईता, टीमू गोच्छाईता, राहुल गोच्छाईता एवं संजू गोच्छाईता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

