NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर, 14 नवंबर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को मनोहरपुर स्थित हिल ट्रीस पब्लिक इंग्लिश स्कूल, अली गार्डन में हर्षोल्लास के साथ बाल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया तथा अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रधान शिक्षक रामनंदन महतो, विद्यालय के प्रिंसिपल इमरान अली तथा इरफान अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद बच्चों ने केक काटकर चाचा नेहरू को याद किया और बाल दिवस की खुशियां साझा कीं।

समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि रामनंदन महतो ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रामनंदन महतो ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेना भी बेहद जरूरी है। खेलकूद से बच्चों में शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने उच्च शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के निर्माण में अंग्रेजी भाषा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई, रुचि और भविष्य को लेकर विशेष रूप से जागरूक रहें तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएं।
श्री महतो ने विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्कूल प्रबंधन से प्राथमिक शिक्षा के साथ-साथ मैट्रिक बोर्ड तक सीबीएसई पाठ्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था शुरू करने का अनुरोध किया, ताकि क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने बाल दिवस की खुशियां मनाते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर विद्यालय के सहायक शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

