जमशेदपुर : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 3 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। जिले में इस बार कुल 39,643 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
आंकड़ों के अनुसार 10वीं बोर्ड परीक्षा में 21,301 विद्यार्थी शामिल होंगे, जबकि इंटरमीडिएट में कुल 18,342 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इंटर में कला संकाय के 10,183, विज्ञान के 4,657 और वाणिज्य के 3,502 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
10वीं की परीक्षा 67 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें घाटशिला अनुमंडल में 23 और धालभूम अनुमंडल में 44 केंद्र शामिल हैं। वहीं इंटर परीक्षा 34 केंद्रों पर होगी, जिनमें घाटशिला में 12 और धालभूम में 22 केंद्र बनाए गए हैं।
माध्यमिक परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक संचालित की जाएगी।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सिदगोड़ा टाउन हॉल में केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा संचालन और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा हर हाल में निष्पक्ष और कदाचार मुक्त कराई जाएगी। औचक निरीक्षण के दौरान नकल करते पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू रहेगी। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। विद्यार्थियों को निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्रा ने केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पेयजल, प्रकाश, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, एडीएम, कार्यपालक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे।

