NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर निवासी एक व्यक्ति को जमीन और मकान बेचने के नाम पर करीब 1.69 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनूप कुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि उसके खिलाफ झारखंड सहित विभिन्न राज्यों में धोखाधड़ी के 40 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र निवासी राजीव रंजन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अनूप कुमार राय ने मकतपुर बरगंडा स्थित श्यामकुंज के समीप जमीन और मकान बेचने का सौदा 2.25 करोड़ रुपये में किया। 19 जून 2022 को दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हुआ, जिसके दौरान 51 लाख रुपये अग्रिम दिए गए। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 1,69,67,001 रुपये का भुगतान किया गया।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अनूप कुमार राय ने संपत्ति पर अपना अधिकार साबित करने के लिए 10 दिसंबर 1976 की एक पंजीकृत वसीयत प्रस्तुत की थी। जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो पता चला कि आरोपी की जन्मतिथि 22 जुलाई 1978 है। ऐसे में जन्म से पहले की वसीयत के आधार पर संपत्ति का दावा किए जाने पर संदेह गहरा गया और कथित ठगी का मामला सामने आया।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि संबंधित जमीन और मकान का एग्रीमेंट पहले ही रामदेव सिंह के साथ किया जा चुका था। इसके अलावा इस संपत्ति को लेकर गिरिडीह नगर थाना और एसडीएम कोर्ट में पहले से विवाद लंबित है।
गुप्त सूचना के आधार पर पचंबा थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम जमुआ थाना क्षेत्र के टीकामघा में घेराबंदी कर अनूप कुमार राय को उसकी कार के साथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

