NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : देहरादून के बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। उत्तराखंड पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे पांच शूटरों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। ये सभी आरोपी झारखंड के जमशेदपुर और लोहरदगा के निवासी हैं। पुलिस ने इससे पहले आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की थी, लेकिन इसके बावजूद किसी ने आत्मसमर्पण नहीं किया।
इनाम घोषित किए गए आरोपियों में जमशेदपुर के बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी आकाश कुमार प्रसाद, उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू, जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार सिंह, बागबेड़ा गाड़ाबासा निवासी विशाल सिंह तथा लोहरदगा के टांगराटोली निवासी अंकित कुमार वर्मा शामिल हैं। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।
दरअसल, 13 फरवरी 2026 को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के समीप जिम से बाहर निकलते समय गैंगस्टर अखिलेश सिंह के करीबी माने जाने वाले विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान इस हत्याकांड में जमशेदपुर के अपराधियों की संलिप्तता सामने आने के बाद देहरादून पुलिस ने झारखंड में भी कार्रवाई तेज कर दी।
इस मामले में पुलिस पहले ही बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह, उसके पुत्र यशराज सिंह समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पांचों फरार शूटरों पर इनाम घोषित होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की संभावना और बढ़ गई है। साथ ही आम लोगों से भी इन आरोपियों के संबंध में सूचना देने की अपील की गई है।

