NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: वीवर्स डेवलपमेंट एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (WDRO) की ओर से 7 अगस्त 2026 को माईकल जॉन ऑडिटोरियम में 13वें राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में WDRO के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक विजय कुमार भारती, खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह, स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय तथा अमित मिश्रा ने संयुक्त रूप से दी।
पत्रकार वार्ता में बताया गया कि वर्ष 2014 में नई दिल्ली में WDRO ने पहली बार 7 अगस्त को हस्तकरघा दिवस मनाया था। इसके बाद वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में 7 अगस्त को राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस के रूप में घोषित किया। तब से WDRO देश के विभिन्न शहरों में प्रतिवर्ष इस दिवस का आयोजन करता आ रहा है।
इस वर्ष आयोजित समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथियों में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, भारत सरकार के पूर्व अध्यक्ष (पूर्वी क्षेत्र) मनोज कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख अनिल ठाकुर, भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के पूर्व सदस्य आनंद साहू तथा स्वर्णरेखा विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए बुनकर प्रतिनिधियों के साथ लगभग 500 स्थानीय प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हस्तकरघा एवं बुनकर उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर गंभीर चर्चा करना है। विशेष रूप से इस क्षेत्र से हो रहे पलायन के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा तथा बुनकरों के सशक्तिकरण और उद्योग के विकास के लिए एक मांग-पत्र तैयार कर केंद्र एवं राज्य सरकार को सौंपा जाएगा।
समारोह के दौरान बुनकर समुदाय के प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर हस्तकरघा उद्योग को बढ़ावा देने की अपील की है।

