NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर :शनिवार देर शाम मनोहरपुर-राउरकेला मार्ग पर स्थित मनीपुर पावर ग्रिड के समीप हुए सड़क हादसे में आरएमपी डॉक्टर प्रह्लाद महतो 42 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ग्राम बड़पोस निवासी थे और ग्राम बाचमगुटू में मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में क्लीनिक चलाते थे।
जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद महतो क्लीनिक से काम निपटाकर बाइक से मनोहरपुर इंदिरा नगर स्थित अपने घर जा रहे थे। बाइक सरकारी शिक्षक अशोक प्रसाद चला रहे थे, जबकि डॉक्टर पीछे बैठे थे। तभी मनीपुर पावर ग्रिड के पास पीछे से आ रहे लौह अयस्क लदे अज्ञात हाईवा ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर का सिर बुरी तरह कुचल गया और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सड़क जाम कर किया विरोध
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन शव को लेकर सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया।
परिजनों का कहना है कि जब तक पुलिस अज्ञात हाईवा ट्रक और चालक का पता नहीं लगाती और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक सड़क जाम रहेगा।
इस हृदयविदारक घटना से मनोहरपुर और बड़पोस गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।फिलहाल समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम रहा।

