जमशेदपुर : चैती छठ पर्व को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक आदेश जारी किया है। प्रशासन के निर्देशानुसार 24 और 25 मार्च को शहर में भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी।
यह आदेश उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे और डीएसपी ट्रैफिक के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक 24 मार्च को दोपहर 3:00 बजे से रात 11:00 बजे तक शहर में नो एंट्री लागू रहेगी।
हालांकि, 24 मार्च की रात 11:00 बजे से 25 मार्च की दोपहर 3:00 बजे तक इस प्रतिबंध में ढील दी गई है, जिससे भारी वाहन शहर में प्रवेश कर सकेंगे। इसके बाद 25 मार्च को दोपहर 3:00 बजे से फिर से रात 11:00 बजे तक नो एंट्री लागू कर दी जाएगी।
इस अवधि में सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं, यात्री बसों को आवागमन की छूट दी गई है। साथ ही एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड समेत सभी आपातकालीन सेवाओं में लगे वाहनों को भी नो एंट्री से बाहर रखा गया है।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पर्व के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूजा-अर्चना कर सकें।

