जमशेदपुर: जमशेदपुर में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 151 अवैध साइलेंसरों को नष्ट कर दिया। बुधवार को साकची थाना के सामने इन साइलेंसरों पर रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह खत्म कर दिया गया।
ये सभी साइलेंसर शहर के विभिन्न इलाकों—साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, टेल्को, जुगसलाई और मानगो—से पकड़ी गई बुलेट मोटरसाइकिलों से जब्त किए गए थे। इन साइलेंसरों का उपयोग तेज आवाज निकालने के लिए किया जा रहा था, जिससे शहर में ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा था।
ट्रैफिक पुलिस पिछले कई दिनों से ऐसे साइलेंसरों को जब्त कर रही थी। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और शहर में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन बुलेट मोटरसाइकिलों में इस तरह के अवैध साइलेंसर लगे पाए जाएंगे, उनके साइलेंसर मौके पर ही हटाए जाएंगे और वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

