News Lahar Reporter
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमिटी ने चिंता जताई है। जिला उपाध्यक्ष मंगल देव सिंह उर्फ सन्नी सिंह के नेतृत्व में वरीय पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर में हाल के दिनों में हत्या, चापड़ से हमले और संगठित अपराध की घटनाओं में तेजी आई है। इससे आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। आरोप लगाया गया कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से अपेक्षित सख्ती नजर नहीं आ रही है।
युवा कांग्रेस ने ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी होती है। इसके बावजूद ट्रैफिक सुधारने के बजाय पुलिस हेलमेट चेकिंग पर अधिक ध्यान दे रही है।
इसके अलावा ज्ञापन में शहर में स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री पर भी चिंता जताई गई। कहा गया कि इससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
साथ ही, सट्टा जैसे अवैध धंधों के खुलेआम संचालन का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन पर कार्रवाई में विफल रहने का आरोप लगाया गया।
युवा कांग्रेस ने मांग की है कि इन सभी गंभीर समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

