News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा द्वारा हजारीबाग में हुई घटना के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
धरना कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान वे भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद शर्मनाक हैं और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाया जाए।
धरने में शामिल महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा की और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराधों पर लगाम लगाने के लिए कठोर कानून का सख्ती से पालन जरूरी है।

